वाराणसी के लाट भैरव मंदिर से जुड़ा एक कथित अश्लील डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ... वीडियो में पुलिसकर्मी भी नजर आए, जिसके बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे। लेकिन अब इस पूरे मामले में वाराणसी पुलिस ने बड़ा दावा किया है... पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो असली नहीं बल्कि AI से तैयार किया गया है।
वाराणसी के प्रसिद्ध बाबा लाट भैरव मंदिर में वार्षिक बारात समारोह के दौरान कथित तौर पर दो युवतियों के भोजपुरी गीतों पर नृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी भी दिखाई देने का दावा किया गया, जिसके बाद लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि अगर पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थे, तो उनकी भूमिका क्या थी?
मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई। समाजवादी पार्टी के मीडिया प्रकोष्ठ ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए धार्मिक आयोजनों में अश्लील गीत और नृत्य होने का आरोप लगाया।
वहीं, मंदिर से जुड़े लोगों का कहना है कि बाबा लाट भैरव की बारात में नृत्य प्रस्तुति की परंपरा पुरानी है। उनके मुताबिक, वार्षिक आयोजन में ‘नगर वधुओं’ की नृत्य प्रस्तुति भी परंपरा का हिस्सा रही है।
इस बार बाबा लाट भैरव बारात समारोह 23 से 27 सितंबर तक आयोजित किया गया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह आयोजन बाबा लाट भैरव और देवी भैरवी के दिव्य विवाह का प्रतीक माना जाता है।
हालांकि, कुछ लोगों ने धार्मिक आयोजन में इस तरह की प्रस्तुतियों पर भी सवाल उठाए। सनातन रक्षक दल के अध्यक्ष अजय शर्मा ने कहा कि धार्मिक स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम हों तो शास्त्रीय संगीत जैसे कार्यक्रमों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
इसी बीच विवाद बढ़ा तो वाराणसी पुलिस ने वायरल वीडियो को लेकर अपना पक्ष रखा। पुलिस का दावा है कि वीडियो AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से तैयार किया गया है और इसे पुलिस की छवि खराब करने के मकसद से प्रसारित किया जा रहा है।
पुलिस ने यह भी कहा है कि भ्रामक वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अब इस पूरे विवाद में असली सवाल यही है—वायरल वीडियो की सच्चाई क्या है और इसे किसने तैयार या प्रसारित किया? पुलिस के AI वाले दावे के बाद जांच और कानूनी कार्रवाई से ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।
#Varanasi #LatBhairavMandir #Lाटभैरव #ViralVideo #AIVideo #AIफेक #FactCheck #VaranasiPolice #UPNews #ViralNews #BreakingNews #SocialMediaViral #HindiNews #CitySpecialNews