विश्व पर्यावरण दिवस पर व्यवहार न्यायालय परिसर में हुआ पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प
मोतिहारी, 05 जून 2026
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी के बैनर तले व्यवहार न्यायालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “Inspired by Nature, For Climate, For Our Future” के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ व्यवहार न्यायालय परिसर में पौधरोपण कर किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अभिषेक कुमार दास, प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय श्री इसरार अहमद, एडीजे-प्रथम श्री सुरेन्द्र प्रसाद, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री नितिन त्रिपाठी तथा जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री राजकुमार शर्मा ने एक-एक पौधा लगाकर पर्यावरण को प्रदूषणमुक्त बनाने तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया। साथ ही उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन हेतु शपथ भी ग्रहण की।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अभिषेक कुमार दास ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी श्री नितिन त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस मनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जनआंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह वृक्षारोपण करे तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय योगदान दे। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करें तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण ही आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य प्रदान कर सकता है।
जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री राजकुमार शर्मा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण समय की आवश्यकता है। उन्होंने न्यायिक पदाधिकारियों को पौधा भेंट कर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारीगण श्री विद्या प्रसाद, श्री कमलेश चंद्र मिश्रा, श्री बृजेश कुमार, श्री राकेश कुमार तिवारी, श्रीमती रेशमा वर्मा सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त एलएडीसी श्री उमेन्द्र वर्मा एवं श्री राम विनय मिश्रा, पारा विधिक स्वयंसेवक तथा न्यायालय कर्मियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं अधिकाधिक वृक्षारोपण करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
13 views | East Champaran, Bihar | Jun 5, 2026