श्रीनगर की तीरंदाज सनाया (माही) भंडारी ने सीबीएसई नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हरियाणा के पानीपत स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल, पानीपत सिटी में 20 से 26 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में सनाया ने 30 मीटर इंडियन राउंड स्पर्धा में शानदार निशानेबाजी करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। 12 वर्षीय सनाया देहरादून के सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल में कक्षा आठवीं की छात्रा हैं। कोच कुलदीप बिष्ट के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही सनाया नियमित अभ्यास और मेहनत के दम पर लगातार सफलता हासिल कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि पर श्रीनगर में खुशी का माहौल है।
सनाया इससे पहले भी राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। मार्च 2025 में उन्होंने आंध्र प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया था। जून 2025 में नैनीताल में आयोजित छठी सब जूनियर एवं आठवीं सीनियर स्टेट आर्चरी चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया। नवंबर 2025 में अरुणाचल प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी प्रतिभाग किया।
जुलाई 2026 में देहरादून में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ जोन आर्चरी चैंपियनशिप के अंडर-14 वर्ग में सनाया ने सिंगल और डबल स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक जीते थे। करीब 600 खिलाड़ियों की भागीदारी वाली इस प्रतियोगिता में उन्होंने इंडियन राउंड की 70 मीटर और 30 मीटर स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया था।
सनाया की सफलता में उनकी मां और श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी तथा पिता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखपत सिंह भंडारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सामाजिक और जनसेवा से जुड़ी जिम्मेदारियों के बीच आरती भंडारी बेटी के अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए समय निकालती हैं। वहीं, पिता भी हमेशा बेटी की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करते रहे हैं।
सनाया का लक्ष्य भविष्य में ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए पदक जीतना है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक है। स्वर्ण पदक जीतने पर परिजनों, खेलप्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।