मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज खटीमा में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। उन्होंने पार्क परिसर में पौधरोपण करने के साथ ही पार्क का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क का विस्तारीकरण करने, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित करने, खटीमा में स्टेडियम का निर्माण करने, क्रियाशाला का निर्माण करने, सर्किट हाउस का निर्माण करने तथा वेंडिंग जोन विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि खटीमा की भौगोलिक स्थिति पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश की ओर जाने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खटीमा में सर्किट हाउस का निर्माण किया जाएगा।