'स्वस्थ मन, सहज जीवन' के संदेश के साथ मनाया निरंकारी श्रद्धालुओं ने किया योग
संत निरंकारी मिशन की सभी ब्रांचों में हजारों श्रद्धालुओं ने किया योग
यमुनानगर। संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संत निरंकारी मिशन की जिले की सभी ब्रांचों के सत्संग भवनों में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज व राजपिता रमित जी के पावन आशीर्वाद से आयोजित इन कार्यक्रमों में हजारों श्रद्धालुओं और सेवादल के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रेलवे रोड स्थित यमुनानगर के मुख्य भवन, जगाधरी के सेक्टर 18, बूड़िया ब्रांच के शहजादपुर गांव, जगाधरी वर्कशॉप, छछरौली, प्रीतनगर, प्रतापनगर, बिलासपुर, ढलौर, लेदी, दड़वा, जयधर, साढ़ौरा, रादौर और सरस्वती नगर सहित सभी सत्संग भवनों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रमों में मौजूद अनुभवी योग प्रशिक्षकों ने श्रद्धालुओं को विभिन्न योग क्रियाएं, प्राणायाम और सूक्ष्म व्यायाम सिखाए। इस दौरान हाथ, कंधे, गर्दन, कमर, आंख और कान सहित पूरे शरीर की कसरत कराई गई। साधकों ने पूरी तन्मयता के साथ कपालभाति, भस्त्रिका, अनुलोम-विलोम, अग्निसार, भ्रामरी, उज्जायी और आंतरिक कुंभक का अभ्यास किया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजित 'हास्य योग' ने सभी उपस्थित साधकों को आनंद और ऊर्जा से सराबोर कर दिया। यमुनानगर ब्रांच के संयोजक बलदेव सिंह और जगाधरी ब्रांच के संयोजक बलराज मित्तल ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग तन और मन दोनों को स्वस्थ रखने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिस तरह शारीरिक स्वास्थ्य के लिए योग बेहद जरूरी है, उसी तरह मन को स्वच्छ और पवित्र रखने के लिए सत्संग अनिवार्य है। मिशन का मुख्य उद्देश्य इंसान को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनाना है। उन्होंने बताया कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज अक्सर अपने विचारों में ‘स्वस्थ मन, सहज जीवन’ का संदेश देती हैं। यह शरीर निरंकार परमात्मा की अनमोल देन है, जिसे निरोगी रखना हमारा मूल कर्तव्य है। संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के सचिव जोगिन्दर सुखीजा ने बताया कि इस अभियान के तहत संत निरंकारी मिशन द्वारा देशभर में 1500 से अधिक केंद्रों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देना है। मिशन का यह जनकल्याणकारी अभियान समाज को सकारात्मक जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित कर समग्र कल्याण का संदेश देता है।
फोटो कैप्शन : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संत निरंकारी सत्संग भवन में सामूहिक रूप से योग करते श्रद्धालु।