धारूहेड़ा में जलभराव से बेहाल लोग: 7 साल से नहीं हुई सीवर सफाई, सड़कों पर 2 फीट तक भरा पानी
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
नालों की सफाई नहीं होने से बिगड़े हालात, पार्षदों और रिटायर्ड अधिकारी ने नगर पालिका की कार्यशैली पर उठाए सवाल
औद्योगिक नगरी धारूहेड़ा में जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। नालों और सीवर लाइनों की वर्षों से सफाई नहीं होने के कारण शहर के कई सेक्टरों और लाल डोरा क्षेत्र में 1 से 2 फीट तक पानी जमा हो गया है। बारिश के दौरान हालात और भी गंभीर हो जाते हैं तथा कई घरों में गंदा पानी घुसने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
वार्ड नंबर-2 के पार्षद डी.के. शर्मा ने आरोप लगाया कि सेक्टर-6 की सीवर लाइनों की पिछले सात वर्षों से सफाई नहीं कराई गई है। इसके चलते सीवर जाम हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि जैसे ही बिजली आपूर्ति बंद होती है, हुड्डा का एसटीपी भी ठप हो जाता है और सीवर का गंदा पानी गलियों व सड़कों पर फैलने लगता है। मंदिर के पास करीब दो फीट तक पानी भर जाने से लोगों का आवागमन भी मुश्किल हो गया है।
रिटायर्ड डीपीआरओ जेपी यादव ने बताया कि करीब दो महीने पहले उपायुक्त ने नालों की सफाई कराने के निर्देश नगर पालिका को दिए थे, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
जेपी यादव ने कहा कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित सेक्टर-6 और लाल डोरा क्षेत्र के नालों की पिछले दो वर्षों से सफाई नहीं हुई है। उपायुक्त के निर्देशों के बावजूद अधिकारियों की उदासीनता के कारण जलभराव की समस्या लगातार बनी हुई है।
वार्ड-9 के पार्षद रंजन राव ने भी नगर पालिका की बैठक में सुझाव दिया था कि बरसात के मौसम में कम से कम चार सफाई कर्मचारियों की नालों पर ड्यूटी लगाई जाए, ताकि जहां रुकावट हो उसे तुरंत हटाया जा सके। उनका आरोप है कि इस सुझाव पर भी नगर पालिका सचिव ने कोई कार्रवाई नहीं की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश में ही सड़कें तालाब बन जाती हैं, जबकि तेज बारिश के दौरान नालों की गाद सड़कों पर आ जाती है और गंदा पानी घरों में घुस जाता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नालों और सीवर की तत्काल सफाई कराकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
Rewari, Rewari | Aug 7, 2026