इस वक्त की बड़ी खबर सीतामढ़ी के रीगा थाना क्षेत्र से है, जहां एसटीएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए 334 किलो अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, एसटीएफ को सूचना मिली थी कि रीगा थाना क्षेत्र के संग्राम फंदह गांव में एक व्यक्ति के घर में अवैध मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है।
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संग्राम फंदह निवासी जय नारायण महतो के घर की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर से गांजा जैसा अवैध मादक पदार्थ बरामद किया गया।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जब्त करते हुए जय नारायण महतो को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक बरामद अवैध मादक पदार्थ का कुल वजन 334 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 67 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने एक चारपहिया वाहन और अन्य सामग्री भी बरामद की है।
मामले में रीगा थाना कांड संख्या 315/26 दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास का भी पता लगा रही है।
फिलहाल इतनी बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।