सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप, बनने के कुछ घंटे बाद ही उखड़ने लगी गिट्टी; लोगों में नाराजगी
मिर्जापुर। नगर के महंत शिवाला रोड पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। आरोप है कि सड़क निर्माण के कुछ ही घंटे बाद सड़क की गिट्टी उखड़ने लगी और छोटी-छोटी गिट्टियां निकलकर राहगीरों को लग रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी सड़क निर्माण को एक दिन भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन सड़क की हालत खराब होने लगी है। लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ठेकेदारों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
नागरिकों का कहना है कि इस तरह का घटिया निर्माण कार्य सरकार की छवि को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने प्रशासन से सड़क निर्माण की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई और गुणवत्तापूर्ण सड़क बनवाने की मांग की है।