पहाड़ों से घिरे तुमनी के रमणीय मैदान में डीएम ने खेला क्रिकेट, ग्रामीणों का बढ़ाया उत्साह
शनिवार 13 जून की अपराह्न सूर्यगढ़ा प्रखंड के पीरी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत चौरा-राजपुर पंचायत के तुमनी गांव स्थित चारों ओर पहाड़ों से घिरे रमणीय क्रिकेट मैदान में जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने ग्रामीणों एवं अधिकारियों के साथ कुछ समय तक क्रिकेट खेलकर खेल भावना को बढ़ावा दिया. इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से जनजातीय समुदाय के युवाओं के बीच खेलों के प्रति रुचि और उत्साह विकसित करने पर बल दिया.
डीएम ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास करता है.उनके मैदान में उतरकर क्रिकेट खेलने से स्थानीय खिलाड़ियों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला. ग्रामीणों ने भी जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे गांव के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी.
मैदान में मौजूद अधिकारियों एवं स्थानीय युवाओं ने भी डीएम के साथ क्रिकेट का आनंद लिया. इस अवसर पर खेल सुविधाओं के विकास तथा ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई. डीएम की इस पहल से तुमनी गांव में खेल को लेकर सकारात्मक माहौल बना और युवाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ. #bihar #lakhisarai #admission
Lakhisarai, Lakhisarai | Jun 14, 2026