जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित
जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक सोमवार को न्यू कलेक्ट्रेट के सभागार में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ग्वालियर श्री सोजान सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बाल संरक्षण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए भिक्षावृत्ति एवं बाल श्रम की रोकथाम, बाल विवाह उन्मूलन, बाल देखरेख संस्थाओं के निरीक्षण तथा जरूरतमंद बच्चों के संरक्षण एवं पुनर्वास पर चर्चा की गई।
बैठक में भिक्षावृत्ति में संलिप्त बच्चों की पहचान कर उनका समुचित पुनर्वास सुनिश्चित करने तथा आगामी मेले में बाल श्रम एवं भिक्षावृत्ति की रोकथाम के लिए प्रभावी अभियान चलाने पर जोर दिया गया। साथ ही बाल देखरेख संस्थाओं में बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं शिक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का नियमानुसार निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
बाल विवाह की रोकथाम एवं बालिकाओं के सशक्तीकरण के लिए जागरूकता कार्यक्रमों में स्वयंसेवी संस्थाओं की सहभागिता बढ़ाने तथा मानसिक दिव्यांग बच्चों के लिए बेहतर देखभाल एवं पुनर्वास सुविधाएं विकसित करने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में पॉक्सो प्रकरणों में बच्चों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए सपोर्ट पर्सन की कमी तथा विशेष किशोर पुलिस इकाई से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने का मुद्दा उठाया गया। इसके अतिरिक्त कॉलेज स्तर पर जागरूकता गतिविधियों एवं आरटीओ लाइसेंस प्रक्रिया को अधिक सुलभ बनाने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती संघमित्रा गौतम, महिला एवं बाल विकास विभाग से श्रीमती उपासना राय, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सहायक संचालक श्री राहुल पाठक, नगर निगम के अपर आयुक्त श्री मुनीष सिंह, श्रम पदाधिकारी श्री आशीष तिवारी सहित बाल कल्याण समिति के सदस्य, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं बाल देखरेख संस्थाओं के प्रबंधक उपस्थित रहे।
#gwalior
#childwelfare
PRO Gwalior
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh