स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
जिले में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह के भव्य, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर आज समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी श्री नितिन कुमार सिंह की अध्यक्षता में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, कैमूर,अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी भभुआ, पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिविल सर्जन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत, सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं जनभागीदारी से परिपूर्ण होना चाहिए। समारोह के सफल आयोजन के लिए विभिन्न कोषांगों का गठन करते हुए नोडल एवं वरीय पदाधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
ध्वजारोहण कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण का समय निर्धारित किया गया है। जगजीवन स्टेडियम, भभुआ में प्रातः 9:00 बजे, समाहरणालय में 10:00 बजे, जिला परिषद कार्यालय में 10:05 बजे, विकास भवन में 10:10 बजे, अनुमंडल कार्यालय भभुआ में 10:35 बजे, भभुआ थाना में 10:45 बजे तथा पुलिस लाइन में 11:00 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।
इस कोषांग के वरीय पदाधिकारी अपर समाहर्ता, कैमूर तथा नोडल पदाधिकारी अनुमंडल पदाधिकारी, भभुआ को नामित किया गया है। मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम अनुमंडल पदाधिकारी एवं गोपनीय शाखा द्वारा तैयार किया जाएगा।
प्रभात फेरी का आयोजन
15 अगस्त को प्रातः 6:30 बजे समाहरणालय से एकता चौक होते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय तक प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसमें मुख्य रूप से कक्षा 6 से 10 तक के छात्र-छात्राओं को विद्यालय की पोशाक में शामिल किया जाएगा। प्रभात फेरी के वरीय पदाधिकारी जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी तथा नोडल पदाधिकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी होंगे।
प्रभात फेरी के दौरान चिकित्सा दल, एंबुलेंस एवं आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने का दायित्व सिविल सर्जन को सौंपा गया है।
विभिन्न स्मारकों पर माल्यार्पण
प्रातः 8:00 बजे तक कैमूर स्तंभ, महात्मा गांधी प्रतिमा (एकता चौक), बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्मारक, चंद्रशेखर आजाद स्मारक, रणविजय चौक सहित अन्य स्मारकों पर माल्यार्पण किया जाएगा। इस व्यवस्था के लिए जिला सामान्य शाखा के प्रभारी को नोडल पदाधिकारी तथा कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद भभुआ को सहायक नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
परेड एवं जगजीवन स्टेडियम की व्यवस्था
जगजीवन स्टेडियम में 11 से 13 अगस्त तक प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से 10:00 बजे तक परेड का पूर्वाभ्यास पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) के नेतृत्व में कराया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री द्वारा प्रातः 9:00 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।
स्टेडियम की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, टेंट, कुर्सी, साउंड सिस्टम, पेयजल, अग्निशमन एवं चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उप विकास आयुक्त को वरीय पदाधिकारी तथा भूमि सुधार उप समाहर्ता को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है।
महादलित टोलों में ध्वजारोहण
जिले के 532 महादलित टोलों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला कल्याण पदाधिकारी को 11 अगस्त तक महादलित टोलों का चयन कर सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही विकास मित्रों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
खेलकूद एवं सम्मान समारोह
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दोपहर 4:00 बजे से 4:30 बजे तक जगजीवन स्टेडियम में जिला प्रशासन बनाम जनता के बीच मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद नियमित मैच आयोजित होगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों, कलाकारों, उत्कृष्ट पदाधिकारियों एवं कर्मियों तथा समाजसेवियों को गुड्स सेमेटेरियन के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम
सायंकाल 6:00 बजे से 9:00 बजे तक लिच्छवी भवन, भभुआ में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम, स्वच्छता एवं स्थानीय विषयों पर आधारित प्रस्तुतियां दी जाएंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में सांस्कृतिक समिति का गठन किया गया है।
अन्य व्यवस्थाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में निमंत्रण कार्ड की छपाई एवं वितरण, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, लाइव टेलीकास्ट, शहर की साफ-सफाई, चलंत शौचालय, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था तथा भाषण सामग्री तैयार करने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी नोडल एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं तथा कार्यक्रमों का आयोजन पूर्ण सुरक्षा, अनुशासन एवं गरिमापूर्ण वातावरण में सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले के नागरिक स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह, उमंग एवं देशभक्ति की भावना के साथ मना सकें।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Kaimur, Bihar | Aug 7, 2026