विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मनेंद्रगढ़ स्थित 18वीं बटालियन छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF), चैनपुर परिसर में पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन एवं अग्नि सुरक्षा जागरूकता को समर्पित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े उपस्थित रहीं। इस अवसर पर वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण शपथ, अग्निशमन एवं आपदा बचाव प्रदर्शन जैसे विविध कार्यक्रमों के माध्यम से हरित एवं सुरक्षित भविष्य का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वृक्षारोपण अभियान से हुआ, जिसमें कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, 18वीं वाहिनी CAF के सेनानी श्री संजय शर्मा, SDM लिंगराज सिदार अधिकारियों एवं जवानों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कलेक्टर ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते पर्यावरणीय संकट के दौर में वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
#chhattisgarh #mcbdistrict