लखासर में दिव्य गो-कथा का हवन व रक्तदान के साथ समापन, 51 यूनिट रक्त एकत्र
लालबहादुर भाखर #लालबहादुर_भाखर #pilibanganews #RajasthanNews #हनुमानगढ़
पीलीबंगा। ग्राम #लखासर स्थित श्री कृष्ण गौशाला समिति के तत्वावधान में 27 सितंबर से चल रही सात दिवसीय ‘दिव्य गो-कथा प्रवचन’ का समापन हवन एवं रक्तदान शिविर के साथ हुआ। कथा के दौरान आचार्य रामाचार्य महाराज ने गौमाता की महिमा, गोवंश संरक्षण और जीवदया के प्रसंग सुनाए।
समापन से पूर्व आयोजित रात्रि जागरण में जंभेश्वर मंदिर के पुजारी सुभाष सियोल एवं बाबूलाल लटियाल हानिया ने भजनों व साखियों की प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद पंडित शिवकुमार शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, ओमप्रकाश व्यास व राजेश व्यास के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन संपन्न हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने लोककल्याण की कामना के साथ आहुतियां दीं।
इस अवसर पर लगे शिविर में श्रीगंगानगर के रुधीरा चेरिटेबल ट्रस्ट के महेंद्र कुमार के अनुसार 51 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। गौशाला समिति के अध्यक्ष देवी लाल ने कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी श्रद्धालुओं, भामाशाहों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया।