🔳जिले के 1713 आंगनवाड़ी केंद्रों में हुआ विशेष आयोजन
🔳अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बुजुर्ग महिलाओं का सम्मान, बच्चों के साथ साझा किए अनुभव
🔳कटनी- ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरूवार को जिले के सभी 1713 आंगनवाड़ी केंद्रों में बुजुर्ग महिलाओं के सम्मान का विशेष आयोजन किया गया।
*फूलमाला, शॉल और श्रीफल से किया सम्मान*
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री अब्दुल गफ्फार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय बुजुर्ग महिलाओं को आमंत्रित कर फूलमाला, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्ग महिलाओं के अनुभवों और उनकी सामाजिक भूमिका को सम्मान देना तथा नई पीढ़ी को उनके अनुभवों से जोड़ना रहा।
इस अवसर पर बुजुर्ग महिलाओं ने आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों के साथ शिक्षण एवं खेल गतिविधियों में सहभागिता की। उन्होंने बच्चों को शिक्षाप्रद एवं रोचक कहानियां सुनाईं तथा अपने जीवन के अनुभव भी साझा किए।
*बुजुर्गों के अनुभव बच्चों के सर्वांगीण विकास में उपयोगी*
परियोजना अधिकारी रीठी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री विवेक पटेल ने आंगनवाड़ी केंद्र में बुजुर्ग महिलाओं का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बुजुर्गों के साथ सतत संवाद और उनके अनुभवों को साझा करना उपयोगी है। इससे बच्चों को जीवन मूल्यों और सामाजिक अनुभवों की जानकारी मिलती है।
*गृह भेंट कर बुजुर्ग महिलाओं का सम्मान*
परियोजना अधिकारी कटनी शहरी श्रीमती अनुपमा आटे द्वारा जालपा देवी वार्ड में गृह भेंट कर क्षेत्र की बुजुर्ग महिलाओं का सम्मान किया गया। इस दौरान पार्षद श्री रमेश सोनी भी उपस्थित रहे। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर बुजुर्ग महिलाओं के सम्मान को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी