जिलाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्र द्वारा सदर अस्पताल सासाराम का औचक निरीक्षण किया गया। जहां उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने विभिन्न वार्डों ओपीडी, ट्रामा सेंटर, मातृ शिशु अस्तपाल सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति का भी सत्यापन कराया। जिलाधिकारी ने मरीजों से फीडबैक भी लिया।
जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं मरीजों को समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा इलाज, जांच, दवा वितरण एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यालय एवं कार्यस्थल पर निर्धारित समय पर उपस्थित रहें तथा सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में अनुशासन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम की टीम के साथ सदर अस्पताल परिसर में जलजमाव की समस्या का भी स्थलीय निरीक्षण किया। जलजमाव की समस्या के समाधान हेतु उन्होंने नगर आयुक्त, नगर निगम सासाराम को निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त रोहतास, नगर आयुक्त, नगर निगम सासाराम सहित कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
#IPRD
#PublicService
#healthdepartmentbihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Health Department
Patna, Bihar | Jul 1, 2026