तिलैया थाना से चंद कदमों की दूरी पर अवैध अंग्रेजी शराब पैकिंग का आरोप, बिहार भेजे जाने की चर्चा
कोडरमा: तिलैया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 25 स्थित हलवाई मोहल्ला में एक बंद कमरे से अवैध अंग्रेजी शराब की पैकिंग और तस्करी किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की शिकायत के आधार पर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित रूप से शराब की पैकिंग का कार्य होता दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार सुबह 9 बजे बताया कि यहां अंग्रेजी शराब को बैग में पैक कर बिहार भेजा जाता है। इस अवैध कारोबार में तिलैया के दो शराब दुकानदारों के नाम भी चर्चा में बताए जा रहे हैं। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में शिकायत भी की है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह आबकारी नियमों और कानून का गंभीर उल्लंघन माना जाएगा।फिलहाल पुलिस या आबकारी विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।