महाराष्ट्र के सोलापुर में बंधक जैसी परिस्थितियों में काम कर रहे छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों को जिला प्रशासन ने मुक्त कराकर सकुशल घर पहुंचाया। इनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़ के 35, जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती के 2 श्रमिक शामिल हैं।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर श्रम, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सोलापुर पहुंचकर स्थानीय प्रशासन के सहयोग से कार्रवाई की। शिकायत के अनुसार, श्रमिकों से लगातार काम कराया जा रहा था, लेकिन मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा था। सभी श्रमिक 20 नवंबर को सकुशल अपने गृह ग्राम लौट आए।
जिला प्रशासन ने श्रमिकों से अपील की है कि रोजगार के नाम पर अनजान ठेकेदारों के झांसे में न आएं और किसी भी प्रकार के शोषण की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें।