गाजीपुर 22 अगस्त, 2026 जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डा ईरज राजा द्वारा थाना करंडा में आयोजित थाना दिवस में पहुंचकर आम जनमानस की समस्याओं को सुना गया। इस दौरान विभिन्न फरियादियों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्राप्त शिकायतों का तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण के साथ-साथ शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि संबंधित व्यक्ति की समस्या वास्तव में दूर हुई है अथवा नहीं। उन्होंने शिकायत रजिस्टर में एक अलग फीडबैक कॉलम बनाए जाने के निर्देश दिए, जिसमें शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता की संतुष्टि एवं प्राप्त फीडबैक को दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल शिकायत का निस्तारण दर्ज कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि निस्तारण से आम जनमानस संतुष्ट है। इस व्यवस्था से शिकायतों के वास्तविक निस्तारण की स्थिति की प्रभावी निगरानी की जा सकेगी। पुलिस अधीक्षक डा ईराज राज ने भी संबंधित पुलिस अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर थाना प्रभारी करण्डा के साथ सम्बन्धित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे