पांच सूत्रीय मांगों को लेकर एनएचएम एएनएम ने कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन
जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अनिश्चितकालीन धरने की दी चेतावनी
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में कार्यरत एएनएम ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आज सोमवार की सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी पुलकित गर्ग को ज्ञापन सौंपते हुए मांगों का शीघ्र निस्तारण न होने पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी। इससे पहले शनिवार को भी एएनएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी को ज्ञापन सौंपा था।
एएनएम ने मांग की कि सभी संविदा एएनएम का उनके गृह जनपद में स्थानांतरण सुनिश्चित किया जाए। समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए। कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ एएनएम के लिए आयु सीमा समाप्त की जाए। इसके अलावा व्यवहारिक एवं प्रशासनिक भेदभाव खत्म करने तथा संविदा एएनएम को नियमित करने की मांग की गई।
एएनएम कार्यत्रियों ने बताया कि इन मांगों को लेकर लखनऊ में भी एएनएम द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा था। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि धरना स्थल से पुलिस ने कई एएनएम को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई को लेकर एएनएम में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
प्रदर्शन में मंजू, पुनीता देवी, सुमन सिंह, लक्ष्मी, आरती, पूजा, उर्मिला, अंजू देवी, काजल, विनीता देवी, संतोषी देवी, रेनू, नीलम देवी, उमा और रजनी समेत कई एएनएम मौजूद रहीं।
Karwi, Chitrakoot | Sep 29, 2026