*पालिका एवं फायर कर्मचारियों की मांगो का समाधान 2 सितंबर तक नहीं हुआ तो करेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल*
*5-6 सितंबर को मंत्रियों के कैंप कार्यालयों पर प्रदर्शन, 10 से 12 सितंबर जिला स्तरीय न्याय पंचायतें*
*13 सितंबर को कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय न्याय पंचायत कर मुख्यमंत्री से मांगेंगे न्याय*
*यमुनानगर 31 अगस्त नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने लगातार 26वें दिन नगर निगम में इकट्ठा होकर हड़ताल शुरू की और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 26वें दिन की हड़ताल की अध्यक्षता नगर पालिका शाखा प्रधान पपला व अग्निशमन जिला प्रधान विजेंद्र सिंह ने की। संचालन नगर पालिका शाखा सचिव सुभाष व अग्निशमन जिला सचिव रिंकू कुमार ने किया। नगर पालिका व्यापार कर्मचारियों ने नगर निगम से लेकर प्यारा चौक, लाल द्वारा, हुड्डा सेक्टर 17 से होते हुए लघु सचिवालय तक सड़कों पर प्रदर्शन करते हुए हैंड बिल बाँट कर सरकार की कर्मचारी जन विरोधी नीतियों की पोल खोलने का काम किया।*
*कर्मचारी नेताओं ने बताया कि बीते रविवार को कर्मचारी भवन, सुखपुरा चौक, रोहतक में आयोजित राज्य कमेटी की बैठक में सरकार से हठधर्मिता छोड़कर बातचीत के माध्यम से सफाई, सीवर, पालिका एवं फायर कर्मचारियों की मांगों का समाधान करने की अपील की है। संघ ने कहा कि बिगड़ती सफाई व्यवस्था और हड़ताली महिला एवं पुरुष सफाई कर्मचारियों के साथ किए जा रहे पुलिसिया उत्पीड़न पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा मुख्यमंत्री स्वयं हस्तक्षेप कर आंदोलन का सम्मानजनक समाधान निकालें।*
*बैठक में कर्मचारियों की जारी हड़ताल 2 सितंबर तक जारी रखने का निर्णय लिया। यदि सरकार ने 2 सितंबर तक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों का समाधान नहीं किया तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगे।जिसकी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी*
*संघ ने आंदोलन को तेज करने के लिए चरणबद्ध कार्यक्रमों की भी घोषणा की है। 3 सितंबर को सभी नगर पालिकाओं, नगर परिषदों एवं नगर निगमों के कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल कर कामकाज पूर्ण रूप से बंद रखेंगे*
*बैठक मे फैसला किया कि 5 एवं 6 सितंबर को मंत्रियों के कैंप कार्यालयों पर प्रदर्शन किए जाएंगे। इन प्रदर्शनों के दौरान कर्मचारियों द्वारा मंत्रियों से सवाल किया जाएगा कि सफाई एवं सीवर कर्मचारियों की ठेका प्रथा समाप्त क्यों नहीं की गई, कच्चे कर्मचारियों को नियमित क्यों नहीं किया गया और रिक्त पदों पर पक्की भर्ती क्यों नहीं की जा रही है।इसके बाद 10,11 एवं 12 सितंबर को सभी जिलों में जिला स्तरीय “न्याय पंचायत” आयोजित की जाएंगी। आंदोलन के अगले चरण में 13 सितंबर को मुख्यमंत्री के गृह जिले कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय न्याय पंचायत आयोजित कर मुख्यमंत्री से सफाई, सीवर, पालिका एवं फायर कर्मचारियों को न्याय देने तथा उनकी लंबित मांगों का समाधान करने की मांग की जाएगी।*
*संघ ने कहा कि कर्मचारी आंदोलन को लंबा खींचना नहीं चाहते, लेकिन सरकार द्वारा मांगों का ठोस समाधान न किए जाने के कारण हड़ताल जारी रखने के लिए मजबूर हैं। सरकार को टकराव और पुलिसिया दमन का रास्ता छोड़कर बातचीत के माध्यम से समाधान की पहल करनी चाहिए। मौके पर नगर पालिका व फायर के कर्मचारी व पदाधिकारी मौजूद रहे*