सिंगल यूज प्लास्टिक मिलने पर 12 दुकानदारों के काटे चालान
जगाधरी के प्रकाश चौक व रेलवे रोड पर नगर निगम व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने की संयुक्त कार्रवाई
जगाधरी। सिंगल यूज प्लास्टिक अर्थात प्रतिबंधित पॉलीथिन बेचने वालों पर नगर निगम लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में नगर निगम की टीम ने जगाधरी के प्रकाश चौक व रेलवे रोड पर छापेमारी की। निगम की टीम ने प्रकाश चौक के आसपास सब्जी व फल विक्रेताओं समेत 9 दुकानदारों व रेलवे रोड पर अग्रसेन चौक से ईएसआई अस्पताल तक 3 दुकानदारों के चालान किए। इन दुकानदारों से मिली प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त कर सात हजार रुपये चालान राशि वसूली गई। यह कार्रवाई नगर निगम व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम द्वारा निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर की गई।
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर जोन एक में मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह व जोन दो में मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा व जोन तीन में मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कंबोज के नेतृत्व में टीमें सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने, खुले में गंदगी डालने व अतिक्रमण करने वालों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। जोन एक में सफाई निरीक्षक सुशील शर्मा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जेई गौरव व होमगार्ड के जवानों की टीम सबसे पहले जगाधरी के प्रकाश चौक पर पहुंची। यहां सब्जी व फल विक्रेताओं व दुकानों पर छापेमारी की गई। जांच में सब्जी व फल विक्रेताओं समेत 9 दुकानदारों के पास से प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद की गई। सफाई निरीक्षक सुशील शर्मा ने सभी के मौके पर ही चालान कर जुर्माना राशि वसूली और प्रतिबंधित पॉलीथिन को कब्जे में मिलया। इसके बाद अग्रसेन चौक से ईएसआई अस्पताल तक रेलवे रोड पर छापेमारी की गई। यहां तीन दुकानदारों के पास से प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद हुई। निगम की टीम ने पॉलिथीन कब्जे में लेकर तीनों दुकानदारों के चालान किए। मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह व सफाई निरीक्षक सुशील शर्मा ने बताया कि एक जुलाई 2022 से पॉलिथीन समेत 19 प्रकार की सिंगल यूज प्लास्टिक आइटम के इस्तेमाल पर प्रतिबंध है। इन्हें बेचने पर पूर्ण रोक लगाई है। ऐसा करने पर प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2022 के अंतर्गत जुर्माना और जब्ती की कार्रवाई की जाती है। अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने आमजन से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग करें। सिंगल यूज प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े या जूट के थैलों का उपयोग करें, ताकि प्लास्टिक के दुष्प्रभाव को कम किया जा सके। खुले में गंदगी डालने की बजाय कचरा डस्टबिन में एकत्रित कर उसे निगम के वाहन को दें।
फोटो - प्रतिबंधित पॉलिथीन मिलने पर चालान करती निगम की टीम।