#नालंदा - हरनौत बाजार के गोनावां मोड़ पर महागठबंधन का जोरदार प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का किया पुतला दहन
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
इंडिया महागठबंधन के आह्वान पर बुधवार को नालंदा जिले के हरनौत बाजार स्थित गोनावां मोड़ पर महागठबंधन के घटक दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता राजद के प्रखंड अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ राय जी ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और तीनों का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने “ज्ञानेश कुमार को भगाओ, लोकतंत्र को बचाओ” सहित कई नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में नाम हटाए जाने को लेकर भी विरोध जताया और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता का वोट महत्वपूर्ण है और किसी भी मतदाता का नाम बिना उचित जांच-पड़ताल के मतदाता सूची से हटाया जाना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
मौके पर राजद प्रखंड अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ राय जी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव व्यवस्था जरूरी है। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को दूर करने के लिए व्यापक स्तर पर जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ मतदाता सूची में अपने नाम की जांच भी करनी चाहिए।
वहीं भाकपा माले के हरनौत प्रभारी वीरेश कुमार ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान में प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार दिया गया है। लोकतंत्र में एक भी वोट महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटता है तो उसकी उचित जांच-पड़ताल कर उसे फिर से सूची में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
वीरेश कुमार ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के इशारे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा देशभर में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने तथा उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
इस अवसर पर राजद नेता जीतू यादव, लोहारा पंचायत समिति सदस्य शिवजी प्रसाद, राजीव कुमार, आनंद कुमार, राजेश रविदास, बबलू, राम प्रवेश, सनोज, रवीना, राजीव, धनंजय, पप्पू, कारू समेत महागठबंधन के विभिन्न घटक दलों के नेता, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
Rahui, Nalanda | Oct 7, 2026