रूद्रप्रयाग में जला ‘आशीर्वाद का दीया’, स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का लिया संकल्प!!
रूद्रप्रयाग जिला मुख्यालय से गांवों तक दीप प्रज्ज्वलन, केदारनाथ में स्वच्छता शपथ के साथ चला विशेष अभियान,
सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जनपद रुद्रप्रयाग में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किया गया। जिला मुख्यालय से लेकर तहसीलों, नगर निकायों, न्याय पंचायतों और गांवों तक लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, स्वच्छता, विकास और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, अधिकारियों-कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर से लेकर कार्तिक स्वामी, रुद्रप्रयाग संगम, मुख्य बाजार, पेट्रोल पंप, सरकारी संस्थानों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाए गए। वहीं लोगों ने अपने घरों, दुकानों, आंगनों, मंदिरों और अन्य प्रमुख स्थानों पर भी दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में सहभागिता की। अमृत सरोवरों, जन औषधि केंद्रों तथा विभिन्न सार्वजनिक एवं सामुदायिक स्थलों पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखने और जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकासपरक पहलों में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।