SMS News Bureau Bondamunda
बंडामुंडा रेल यार्ड में मेगा ब्लॉक, 52 किलो की पुरानी डायमंड क्रॉसिंग हटाकर लगी 60 किलो की नई क्रॉसिंग
जी केबिन के रेलवे एक्सचेंज यार्ड में हुआ तकनीकी उन्नयन, इंजीनियरिंग व सिग्नल-टेलीकॉम विभाग ने संभाला मोर्चा
चक्रधरपुर रेलमंडल के बंडामुंडा रेल यार्ड के जी-केबिन स्थित रेलवे एक्सचेंज यार्ड में सोमवार को रेलवे प्रशासन की ओर से मेगा ब्लॉक लेकर महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य कराया गया। इस दौरान लाइन संख्या-9 के प्वाइंट संख्या 111 और 112A पर लगी 52 किलो की डबल स्लिप डायमंड क्रॉसिंग को हटाकर उसकी जगह 60 किलो की नई क्रॉसिंग स्थापित की गई। इस कार्य से यार्ड की रेल पटरियों को पहले से ज्यादा मजबूत बनाने के साथ परिचालन की सुरक्षा एवं विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मिली जानकारी के अनुसार रेलवे एक्सचेंज यार्ड के किलोमीटर संख्या 405/47/G से 405/43H/G के बीच यह कार्य किया गया। इसके लिए रेलवे के इंजीनियरिंग तथा सिग्नल एंड टेलीकॉम (एसएंडटी) विभाग को निर्धारित ब्लॉक दिया गया था। इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों ने सुबह 8 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक क्रॉसिंग बदलने का कार्य पूरा किया। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे से एसएंडटी विभाग की ओर से तकनीकी कार्य शुरू किया गया, जो समाचार लिखे जाने तक जारी था।
मेगा ब्लॉक के दौरान बड़ी संख्या में रेलवे कर्मियों के साथ ठेका मजदूरों ने भी कार्य में हिस्सा लिया। कर्मचारियों ने निर्धारित समय सीमा में पुराने क्रॉसिंग को हटाकर नई 60 किलो की क्रॉसिंग लगाने के साथ इससे जुड़े तकनीकी कार्यों को पूरा किया।
मौके पर चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीईएन रबी शंकर समेत रेलवे के अन्य स्थानीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए कार्य की प्रगति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। रेलवे प्रशासन के अनुसार इस तरह के तकनीकी उन्नयन से रेल यार्ड में परिचालन व्यवस्था को बेहतर और अधिक सुरक्षित बनाने में सहायता मिलेगी।