अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध जिलेभर में सघन अभियान जारी
संयुक्त टीमों द्वारा रात्रिकालीन गश्त, निरीक्षण एवं प्रभावी कार्रवाई
कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा प्रतिदिन रात्रि 7 बजे से मध्यरात्रि तक संवेदनशील क्षेत्रों में सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर श्री जांगिड़ द्वारा समस्त अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा जिले की सीमाओं से होकर किसी भी प्रकार का अवैध रेत परिवहन न होने दिया जाए। अंतरजिला सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार एवं थाना प्रभारियों को संयुक्त रूप से क्षेत्र भ्रमण कर सतत निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के अंतर्गत थाना चिन्नौनी क्षेत्र के ग्राम पहारपुरा एवं करजौनी में एसडीएम सबलगढ सुश्री मेघा तिवारी, तहसीलदार एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा संयुक्त भ्रमण कर ग्रामीणों को अवैध खनन के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा जागरूकता संबंधी समझाइश दी गई।
रात्रिकालीन गश्त के दौरान चिन्नौनी थाना क्षेत्र में चम्बल एवं राजस्व दल द्वारा संयुक्त रूप से निगरानी रखी गई। झुण्डपुरा नहर क्षेत्र में तहसीलदार सबलगढ़ एवं थाना प्रभारी चिन्नौनी द्वारा ड्रमों में मिट्टी एवं बालू भरवाकर बैरिकेडिंग एवं चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए, जिससे अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।
इसी प्रकार पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा के साथ जौरा एसडीएम श्री शुभम शर्मा ने देवगढ़ थाना क्षेत्र के गुड़ा घाट में भी रात्रिकालीन गश्त एवं निगरानी की।
एसडीएम मुरैना श्री बीएस कुशवाह के नेतृत्व में टेकरी प्वाइंट पर चेकिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करते हुए आवश्यक ड्रम एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
एसडीएम अम्बाह श्री रामनिवास सिकरवार द्वारा अम्बाह तहसील के मल्हन का पुरा घाट सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। संयुक्त दलों द्वारा घेर, वीलपुर, कुथियाना सहित विभिन्न गांवों एवं घाट क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।
कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने कहा है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी मैदानी अधिकारियों को सक्रिय रहकर समन्वित एवं परिणाममूलक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।
-
#JansamparkMP #Morena #morena2026 #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
4 views | Morena, Madhya Pradesh | Jun 13, 2026