पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त संपन्न कराने के लिए धौलपुर पुलिस मुस्तैद
पुलिस टीमें गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों एवं संभावित प्रत्याशियों को कर रहीं जागरूक, मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील
आगामी पंचायत राज चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से धौलपुर पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ जुटी हुई है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में जिलेभर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पंचायत चुनावों के मद्देनजर पुलिस की टीमें गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं संभावित प्रत्याशियों से संवाद कर रही हैं। इस दौरान लोगों को चुनाव प्रक्रिया के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने, किसी भी प्रकार के विवाद से दूर रहने तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए समझाइश की जा रही है। साथ ही मतदाताओं को बिना किसी भय, दबाव, प्रलोभन अथवा किसी के बहकावे में आए अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस द्वारा चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि, आपसी रंजिश, विवाद अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले प्रयासों को रोकने के लिए सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस अधिकारी एवं जवान ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से संपर्क स्थापित कर चुनाव संबंधी परिस्थितियों का जायजा ले रहे हैं तथा आमजन को कानून का पालन करने के लिए जागरूक कर रहे हैं। पुलिस द्वारा ग्रामीणों एवं संभावित प्रत्याशियों को स्पष्ट रूप से समझाया जा रहा है कि चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें सभी की सहभागिता शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में होनी चाहिए। चुनाव के दौरान किसी भी व्यक्ति द्वारा मतदाताओं को डराने-धमकाने, दबाव बनाने, आपसी वैमनस्य फैलाने अथवा कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किए जाने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस टीमें आमजन से समझाइश कर रही है कि पंचायत चुनावों के दौरान शांति, भाईचारा एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही अपुष्ट सूचनाओं को प्रसारित करें। चुनाव संबंधी किसी भी विवाद अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। धौलपुर पुलिस निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।