कल के कलाकार सीज़न 3 : नृत्य से रचेंगे भविष्य का मंच
कल के कलाकार सीजन-3 का मेगा ऑडिशन द्वारका पब्लिक स्कूल द्वारका भिवानी में आयोजित
मेगा ऑडिशन में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया भाग, 40 का हुआ चयन : पवन कौशिक
नवंबर में क्वाटर फाईनल मुकाबले में दिखाएंगे अपनी प्रतिभा : कौशिक
भिवानी। : स्थानीय लोहारू रोड पर स्थित द्वारका पब्लिक स्कूल द्वारका में कला साहित्य एवं सांस्कृतिक कार्यों को समर्पित संस्था कौशिक नाट्य अकादमी भिवानी और चाणक्य कला मंच ने अपनी एकल नृत्य प्रतियोगिता कल के कलाकार के तीसरे सीजऩ के लिए एक भव्य मेगा ऑडिशन का आयोजन किया। इस मेगा ऑडिशन में लगभग 100 से अधिक युवा नृतक प्रतिभागियों ने अपने डांस का हुनर दिखाया, जिसमें से 40 प्रतिभाशाली कलाकारों का चयन क्वार्टर फाइनल के लिए किया गया। मेगा ऑडिशन में बतौर मुख्य अतिथि समाजसेवी और शिक्षाविद द्वारका पब्लिक स्कूल द्वारका के चेयरमैन मास्टर बलवान सिंह ने शिरकत की । कार्यक्रम की अध्यक्षता कल के कलाकार सीजन-3 के निदेशक अनिल शर्मा वत्स ने की। इस मेगा ऑडिशन के निर्णायक मंडल में विनय कुमार शामिल रहे। इन सभी ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के साथ आयोजक मंडल में कल के कलाकार कार्यक्रम के संस्थापक अध्यक्ष पवन कौशिक, अनिल शर्मा वत्स ने मिलकर किया। उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान प्रतिभागियों में डांस के प्रति जबरदस्त उत्साह और जुनून देखने को मिला।
प्रतियोगिता के आयोजक व कौशिक नाट्य अकादमी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कौशिक ने बताया कि यह प्रतियोगिता उन प्रतिभागियों के लिए आयोजित की गई है जो कलाकार ग्रामीण क्षेत्र में रहते है उनको मंच नहीं मिल पाता । उन्होंने बताया कि चयनित हुए सभी 40 प्रतिभागी अब नवंबर में होने वाले क्वार्टर फाइनल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन भिवानी में करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को एक लाख रूपये का इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 2 वर्गों में रखी गई पहला वर्ग 4 से 12 वर्ष और दूसरा वर्ग 12 से 18 वर्ष तक रखा गया।यह प्रतियोगिता पूर्ण रूप से विद्यालय स्तर पर पूरे हरियाणा में आयोजित की जा आरही है। इस प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 27 दिसम्बर 2026 को भिवानी में बड़े भव्य रूप में होगा जिसमें हरियाणा की कई जानी मानी हस्तियां उपस्थित होगी।
इस मौके पर मुख्य अतिथि मास्टर बलवान सिंह ने कहा कि द्वारका में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में बच्चों और उनके अभिभावकों का कल के कलाकार प्रतियोगिता के लिए आवेदन करना, यह दर्शाता है कि डांस और कला के प्रति यहाँ के लोगों में कितनी गहरी रुचि और जुनून है। यह आयोजन न केवल युवा प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करता है, बल्कि उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित भी करता है।
कार्यक्रम के आयोजन में पवन कौशिक, अनिल शर्मा वत्स, राज्यपाल से पुरस्कृत राष्ट्रीय बाल कलाकार यशवी, राष्ट्रीय कलाकार नैना कौशिक एवं द्वारका पब्लिक स्कूल से प्रबंधक समिति एवं एकेडमिक कॉर्डिनेटर शीतल,सीमा राव,सुमन श्योराण,मनीषा शर्मा का भी विशेष योगदान रहा।