बलिया में शारदीय नवरात्र और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों, रामलीला कमेटियों और दुर्गा पूजा समितियों के साथ बैठक की।
इस दौरान उन्होंने पूजा पंडालों की सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली, रोशनी और मूर्ति विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन नदियों में नहीं, बल्कि निर्धारित पोखरों और तालाबों में कराया जाए।
विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पानी, साफ-सफाई और प्रकाश की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने पूजा पंडालों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पंडालों के ऊपर से बिजली के तार नहीं गुजरने चाहिए और न ही मूर्तियों की स्थापना बिजली के खंभों के पास की जाए।
सभी पंडालों में अग्निशमन यंत्र, बालू से भरी बाल्टी और पानी की पर्याप्त व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए। प्रमुख पंडालों का अग्निशमन विभाग से सुरक्षा ऑडिट कराने को भी कहा गया।
पर्व के दौरान पुलिस को रात में गश्त बढ़ाने और लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही पूजा समितियों के सदस्यों को रात में भी पंडालों पर मौजूद रहने तथा कम से कम एक सदस्य का मोबाइल नंबर संबंधित थानाध्यक्ष को उपलब्ध कराने को कहा गया।
डीजे संचालकों को भी अनावश्यक रूप से ऊंचाई बढ़ाने से बचने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने नगर निकाय क्षेत्रों के मंदिरों और पूजा स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने सभी एसडीएम और विद्युत विभाग के अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में पूजा पंडालों और विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. इराज राजा, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सभी एसडीएम और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#Ballia #navratri #festival #dashhara #Balliakhabar
Belthara Road, Ballia | Oct 10, 2026