#यूपी! #शामली में 3 दिन की बारिश से हालात बिगड़े,पुल टूटा:गांव में घुसा पानी, खेतों और घरों में भरा पानी...
शामली में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के लिलोन गांव के पास मुख्य सड़क और लिंक रोड को जोड़ने वाला पुल टूटने से पानी गांव में घुस गया। खेत, गलियां और घर जलमग्न हो गए हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के लिलोन गांव के पास मुख्य सड़क (हाइवे) और गांव को जोड़ने वाला पुल टूट जाने से बारिश का पानी गांव में घुस गया, जिससे खेत, गलियां और कई घर जलमग्न हो गए।
लगातार बारिश के चलते पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद पानी ओवरफ्लो होकर आबादी वाले क्षेत्र में फैल गया। गांव में कई स्थानों पर तालाब जैसे हालात बन गए हैं। जलभराव के कारण ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है और लोगों को घरों में ही रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
इससे पहले कांधला, कैराना, शामली और थानाभवन कस्बों में भी सड़कों और गलियों में जलभराव की तस्वीरें सामने आई थीं। अब गांवों में भी बारिश का असर बढ़ने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
ग्रामीण सुनील, मुनेश और जितेंद्र ने बताया कि पुल की मरम्मत लंबे समय से प्रस्तावित थी, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण काम शुरू नहीं हो सका। उनका आरोप है कि समय रहते मरम्मत कर दी जाती तो आज गांव में जलभराव की यह स्थिति नहीं बनती।
ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त पुल की तत्काल मरम्मत, जल निकासी की समुचित व्यवस्था और प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।
#up #shamli #utterpradesh