2027 फतह के लिए घर-घर पहुंचाएं अपना दल कमेरावादी की विचारधारा : डॉ. पल्लवी पटेल
करछना में अपना दल कमेरावादी का कार्यकर्ता सम्मेलन, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान
यूनाइटेड भारत बारा
मनोज कुमार बिन्द
प्रयागराज/करछना। करछना विधानसभा क्षेत्र के कैथी चौराहे के समीप स्थित एस.के. गेस्ट हाउस में शनिवार को अपना दल (कमेरावादी) का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की मुख्य अतिथि सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने कार्यकर्ताओं से आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने और पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद डॉ. पल्लवी पटेल ने करछना, बारा, कोरांव और मेजा विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की समीक्षा की। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, सेक्टर और बूथ स्तर तक संगठन के गठन की प्रगति का जायजा लिया। जहां संगठनात्मक कार्य अधूरे मिले, वहां संबंधित पदाधिकारियों को तेजी से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सफलता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा और मजबूती के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा से लोगों को अवगत कराएं, जिससे अधिक से अधिक लोग संगठन से जुड़ सकें।
अपने संबोधन में उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध, भ्रष्टाचार, लूट, हत्या और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं तथा सरकार इन पर प्रभावी नियंत्रण करने में विफल रही है। उन्होंने जनता से आगामी चुनाव में बदलाव लाने की अपील भी की।
उन्होंने किसानों और मजदूरों की समस्याओं का भी उल्लेख किया तथा पेट्रोल में कथित मिलावट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जनता को गुणवत्ता के अनुरूप ईंधन मिलना चाहिए। उन्होंने भ्रष्टाचार को कई समस्याओं की जड़ बताते हुए प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
सम्मेलन के दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ता मुन्शीलाल पटेल, जो दुर्घटना के कारण घायल हैं, का डॉ. पल्लवी पटेल ने मंच से उतरकर पुष्प भेंट कर सम्मान किया। इस भावपूर्ण क्षण की कार्यकर्ताओं ने सराहना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जमुनापार एडवोकेट रमेश चन्द्र पटेल ने की, जबकि संचालन प्रदेश सचिव उमेश पटेल ने किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अजय पटेल, बौद्धिक मंच के प्रदेश अध्यक्ष अबरार अहमद, किसान मंच के प्रदेश सचिव, सांस्कृतिक मंच के जिलाध्यक्ष प्रेमचंद पटेल, मंडल सचिव रामसागर पटेल, युवा मंच के जिलाध्यक्ष अभय पटेल, महिला मंच की जिलाध्यक्ष दुर्बेश पटेल, करछना विधानसभा अध्यक्ष एडवोकेट देशराज पटेल, कोरांव विधानसभा अध्यक्ष अरविंद पटेल, बारा विधानसभा अध्यक्ष ओम जी पटेल, मेजा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. हीरालाल पटेल, जिला महासचिव नन्दलाल पटेल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दिलीप पटेल, बारा महिला मंच की विधानसभा अध्यक्ष रेशमा बिंद, अंगूरा देवी, पूजा पटेल, नारी शक्ति महिला प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रावती सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
Bara, Allahabad | Jul 18, 2026