#एसपी_ऑफिस_के_सामने_फिर_चोरी..
भरतपुर। जिले में कानून व्यवस्था कायम करने का दम भरने वाले एसपी कार्यालय के ठीक सामने सुरक्षा व्यवस्था का मजाक बन गया है। वहां स्थित 'तिवारी जी टी स्टॉल' पर बेखौफ चोरों ने तीसरी बार धावा बोलकर पुलिसिया सतर्कता की हवा निकाल दी है। जिस जगह पर 24 घंटे अधिकारियों की आवाजाही और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए, उसी नाक के नीचे एक ही दुकान में बार-बार चोरी होना खाकी की मुस्तैदी और रात्रिकालीन गश्त पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। पीड़ित दुकान संचालक बनवारी तिवारी ने बताया कि सुबह करीब 4.15 दुकान पर पहुंचे तो सामान बिखरा हुआ मिला और खोखा टूटा हुआ मिला है। चोरों ने करीब 7000 रुपए के सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि यह घटना कोई पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले भी दो बार इसी थड़ी पर चोरी हो चुकी है। हर बार मथुरा गेट थाने में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद परिणाम शून्य ही रहा, जिससे चोरों का हौसला इतना बढ़ गया कि वे बेझिझक जिले के सबसे बड़े पुलिस कप्तान के दफ्तर के ठीक सामने वारदात को अंजाम दे रहे हैं। यह घटना सीधे तौर पर पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता को दर्शाती है। जब एसपी दफ्तर के सामने ही आम नागरिकों और छोटे व्यापारियों की संपत्ति सुरक्षित नहीं है, तो शहर के बाकी हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था का क्या आलम होगा, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। पुलिस का यह ढुलमुल रवैया न केवल आम जनता के विश्वास को तोड़ रहा है, बल्कि अपराधियों में कानून का भय पूरी तरह खत्म होने का पुख्ता सबूत भी पेश कर रहा है।