रुद्रपुर में किच्छा के पूर्व विधायक और भाजपा नेता राजेश शुक्ला के एक बयान को लेकर वकीलों में आक्रोश देखने को मिला। वकीलों ने राजेश शुक्ला के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की।
दरअसल, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने वकीलों की यूनिफॉर्म और काले कोट को लेकर कथित तौर पर कुछ टिप्पणी की थी। जैसे ही यह बयान वकीलों के संज्ञान में आया, अधिवक्ताओं में नाराजगी फैल गई।
उधम सिंह नगर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष आरपी सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वकील एकजुट हुए और राजेश शुक्ला के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। वकीलों ने कहा कि अधिवक्ताओं की गरिमा और पेशे का सम्मान बेहद महत्वपूर्ण है और इस तरह की टिप्पणी को लेकर उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
वकीलों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के सामने अपनी बात रखने और कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।