हाई वोल्टेज ड्रामा: टावर पर चढ़े युवक की असली कहानी
इंस्टाग्राम की मोहब्बत बनी विवाद की वजह
पहली पत्नी और चार बच्चों की बात छिपाकर किया दूसरा विवाह? दूसरी पत्नी के मारपीट और प्रताड़ना के आरोपों के बीच टावर पर चढ़ा युवक
मऊगंज/देवतालाव।देवतालाव उपतहसील परिसर के पास गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सुबह करीब 4 बजे टावर पर चढ़े युवक को देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही लौर थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटों तक चले समझाइश अभियान के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
लेकिन टावर पर चढ़ने की इस घटना के पीछे जो कहानी सामने आई, उसने पूरे क्षेत्र में चर्चा छेड़ दी है।
जानकारी के अनुसार टावर पर चढ़ा युवक विकास चमार (29 वर्ष) पुत्र रामशरण चमार निवासी सिकरारा, जिला जौनपुर (उत्तर प्रदेश) है। विकास वर्तमान में महाराष्ट्र के ठाणे शहर में अपना ट्रक संचालित करता है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2019 में उसकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से लौर थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदरी निवासी काजल कोल से हुई थी। बातचीत का सिलसिला बढ़ा और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए।
बताया जाता है कि वर्ष 2023 में दोनों ने मुंबई में विवाह कर लिया। इस संबंध से उनका एक वर्ष का बच्चा भी है और काजल वर्तमान में गर्भवती बताई जा रही है। वहीं पूछताछ के दौरान सामने आया कि विकास पहले से विवाहित है और उसकी पहली पत्नी से चार बच्चे हैं, जिनमें सबसे छोटा बच्चा लगभग 7 वर्ष का है।
मुझे धोखे में रखा गया"— काजल का आरोप
मामले में नया मोड़ तब आया जब काजल कोल ने दावा किया कि विकास ने अपने पहले विवाह और चार बच्चों की जानकारी उससे छिपाई थी। काजल का आरोप है कि उसे वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं दी गई और उसे धोखे में रखकर संबंध बनाया गया। काजल का कहना है कि बाद में जब उसे पहली पत्नी और बच्चों के बारे में पता चला तो विवाद बढ़ने लगा।
टावर ड्रामे से एक दिन पहले पहुंची थी थाने
घटना से एक दिन पहले काजल कोल ने थाना लौर में लिखित शिकायत देकर विकास चमार पर गंभीर आरोप लगाए थे। आवेदन में उसने मारपीट, गाली-गलौज, मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने पुलिस से सुरक्षा और उचित कार्रवाई की मांग भी की थी।
शिकायत में काजल ने आरोप लगाया कि विकास अक्सर उसके साथ विवाद करता था, मारपीट करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटा ही रही थी कि अगले ही दिन टावर पर चढ़ने की घटना सामने आ गई।
सुबह 4 बजे चढ़ा टावर पर
सूत्रों के अनुसार काजल करीब दस दिन पहले मुंबई से अपने मायके ग्राम गोंदरी आई थी। इसके बाद गुरुवार सुबह विकास भी देवतालाव पहुंचा और किसी पारिवारिक विवाद के चलते उपतहसील परिसर के समीप स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला और पुलिस हरकत में आ गई।
घटना की सूचना मिलते ही लौर थाना पुलिस एवं डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम में एएसआई रमेश भारती, एएसआई दिलराज सिंह चौहान, एएसआई माने खान, आरक्षक अमित पाण्डेय, आरक्षक शत्रुघ्न सिंह, आरक्षक सुनील मिश्रा एवं डायल-112 चालक विपिन द्विवेदी शामिल रहे। पुलिसकर्मियों ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए कई घंटों तक युवक को समझाइश दी, जिसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया। पुलिस की तत्परता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
टावर से नीचे उतारने के बाद पुलिस ने युवक और महिला दोनों से पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में विकास ने पहली पत्नी और चार बच्चों की बात स्वीकार की है। वहीं काजल ने खुद को धोखे का शिकार बताते हुए प्रताड़ना के आरोप दोहराए हैं।
फिलहाल लौर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान, महिला की शिकायत और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रेम संबंध, दो विवाह, धोखे के आरोप, घरेलू विवाद और टावर पर चढ़ने जैसी घटनाओं ने इस पूरे मामले को क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। गुरुवार भर देवतालाव और आसपास के इलाकों में यही मामला लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना रहा।