दोस्ती का खौफनाक अंत: शराब पार्टी के बाद फल विक्रेता की चाकू से गोदकर हत्या, पोखर से शव बरामद; दो दोस्त गिरफ्तार
सीतामढ़ी प्राइम न्यूज़. सीतामढ़ी जिले के बेलसंड थाना क्षेत्र में दोस्ती के कत्ल की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बेलसंड-तरियानी पथ पर मधकौल गांव के समीप स्थित एक पोखर से 23 वर्षीय फल दुकानदार का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही एसडीपीओ रविशंकर प्रसाद और थानाध्यक्ष जंगो राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया.
मृतक की पहचान सोनबरसा थाना क्षेत्र निवासी सुरेश पासवान के 23 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार उर्फ मुन्ना के रूप में की गई है. अभिषेक भारत-नेपाल सीमा स्थित सोनबरसा के हनुमान चौक पर फल की दुकान चलाता था.
जांच में सामने आया कि मधकौल निवासी सन्नी कुमार (30 वर्ष, पिता गोपाल सिंह) के साथ अभिषेक की पिछले चार वर्षों से गहरी दोस्ती थी. सन्नी घूम-घूमकर जैकेट बेचने का काम करता था और दोनों अक्सर साथ बैठकर शराब पार्टी करते थे. गत 9 अक्टूबर को अभिषेक दुकान से सन्नी के साथ निकला था, लेकिन घर वापस नहीं लौटा. रविवार को सन्नी के ही पोखर से अभिषेक का शव बरामद हुआ. मृतक के शरीर पर पीठ में छह और गर्दन पर चाकू से वार के गहरे निशान पाए गए हैं.
एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सन्नी कुमार और उसके सहयोगी चंदन कुमार (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
#SitamarhiPrimeNews #SitamarhiPolice #BiharNews #CrimeNews #BreakingNews #BelsandMurderCase #BiharCrime