भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर विदिशा में निकाली गई सांस्कृतिक जनजागरूकता रैली, जनजातीय गौरव और संस्कृति का दिया संदेश
--------------------------------
विदिशा। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आज 15 नवंबर को जिला मुख्यालय विदिशा में सांस्कृतिक जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान, साहस और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान का स्मरण करते हुए जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं एवं गौरवशाली इतिहास का संदेश दिया गया।
सांस्कृतिक जनजागरूकता रैली का शुभारंभ उत्कृष्ट विद्यालय परिसर से हुआ। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से आमजन को अवगत कराया। रैली के दौरान जनजातीय गौरव, सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह के आयोजन स्थल एसएटीआई पॉलीटेक्निक कॉलेज के सभागार में पहुंचकर संपन्न हुई। यहां जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया। भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष कर देश के इतिहास में विशिष्ट स्थान बनाया है। उनका जीवन साहस, संघर्ष, सामाजिक चेतना और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को सम्मान देने, नई पीढ़ी को अपने इतिहास एवं संस्कृति से जोड़ने तथा समाज में जागरूकता और समरसता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। #vidisha
Vidisha, Madhya Pradesh | Nov 15, 2026