⬇️पिथौरागढ़ :- सदर की रामलीला में लक्ष्मण शक्ति से छाया संकट, संजीवनी बूटी लेकर पहुंचे हनुमान !⬇️
श्री रामलीला प्रबन्धकारिणी समिति सदर पिथौरागढ़ द्वारा आयोजित ऐतिहासिक 130वें रामलीला मंचन के नवम दिवस सेतु बंधन, अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति, सुषेण वैद्य, संजीवनी बूटी और भरत तपस्या की लीलाओं का प्रभावशाली मंचन किया गया। इन प्रसंगों में भक्ति, वीरता, त्याग और भ्रातृप्रेम के भाव देखने को मिले।
लीला की शुरुआत समुद्र पर सेतु निर्माण के प्रसंग से हुई, जहां वानर सेना नल-नील के नेतृत्व में समुद्र पर पुल बनाती है। इसके बाद श्रीराम की सेना लंका पहुंचती है। युद्ध से पहले अंगद को दूत बनाकर रावण के दरबार में भेजा जाता है। अंगद रावण को माता सीता को सम्मानपूर्वक लौटाकर युद्ध टालने की सलाह देते हैं, लेकिन रावण अपने अहंकार में उनकी बात अनसुनी कर देता है। अंगद-रावण संवाद के दौरान अंगद की निर्भीकता और रावण के अहंकार का प्रभावशाली चित्रण किया गया।
इसके बाद राम-रावण युद्ध के दौरान मेघनाद की शक्ति लगने से लक्ष्मण मूर्छित हो जाते हैं। लक्ष्मण की स्थिति देखकर श्रीराम व्याकुल हो उठते हैं। सुषेण वैद्य उन्हें बचाने के लिए संजीवनी बूटी लाने की सलाह देते हैं। इसके बाद हनुमान जी संजीवनी बूटी की खोज में प्रस्थान करते हैं और औषधि की पहचान न कर पाने पर पूरा पर्वत ही उठा लाते हैं। इस प्रसंग में हनुमान जी की शक्ति, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का मंचन दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहा।
वहीं, भरत की तपस्या और श्रीराम के प्रति उनके अटूट प्रेम का प्रसंग भी प्रस्तुत किया गया। लक्ष्मण की मूर्छा से व्याकुल श्रीराम और उनके अनुज के प्रति प्रेम ने वातावरण को भावुक कर दिया। संजीवनी बूटी के प्रभाव से लक्ष्मण की चेतना लौटने के प्रसंग के साथ रामलीला मैदान में उपस्थित दर्शकों ने इस मार्मिक लीला का आनंद लिया।