#Balrampur ! नगर पालिका अध्यक्ष ने दुर्गा पूजा समितियों का किया सम्मान, ₹2,500 सहायता राशि व आधुनिक पूजा थाली की भेंट...
#बलरामपुर। आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा, श्रीरामलीला व दशहरा पर्व को सकुशल व भव्य रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज सभागार में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह 'धीरू' की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में नगर की विभिन्न पूजा व रामलीला समितियों के पदाधिकारियों का सम्मान किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरू ने 200 से अधिक दुर्गा पूजा समितियों को ₹2,500-₹2,500 की सहयोग राशि, आधुनिक पूजा थाली व अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। वहीं शेष 31 समितियों को पालिका सभागार में अध्यक्ष व अन्य अतिथियों द्वारा सहयोग राशि व सम्मान सामग्री वितरित की गई।
डॉ. धीरू ने कहा कि धार्मिक पर्व हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं और इन्हें सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि त्योहारों के दौरान पूजा पंडालों व रामलीला स्थलों के आसपास साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।
बैठक में रामलीला व पूजा कमेटियों के अध्यक्ष, महामंत्री और नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी समितियों ने नगर पालिका अध्यक्ष की इस पहल और सहयोग के लिए आभार जताया।
Balrampur, Balrampur | Oct 5, 2026