मदार नदी उफान पर, पौथू पंचायत के कई गांव जलमग्न; आवागमन प्रभावित, धान की फसल को भारी नुकसान
पौथू। लगातार बारिश के बाद मदार नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से पौथू पंचायत के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बरपा, सीमा, बेल्हड़िया, बांस बिगहा, मिश्रबिगहा, अनच्छा और पौथू समेत कई गांवों के खेतों में नदी का पानी प्रवेश कर गया है। इससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है और सामान्य जनजीवन प्रभावित होने लगा है।
सबसे गंभीर स्थिति बरपा गांव की बनी हुई है, जहां मदार नदी का पानी गांव के अंदर तक पहुंच गया है। पानी का बहाव बढ़ने के कारण ग्रामीणों के लिए गांव से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
वहीं, पौथू-बरपा मुख्य मार्ग पर भी बारिश और नदी का पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है। सड़क पर पानी का तेज बहाव होने के कारण पैदल राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहनों के लिए भी यह मार्ग जोखिम भरा हो गया है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बाढ़ के पानी से खेतों में लगी धान की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। यदि जलस्तर में जल्द कमी नहीं आई तो फसल को और अधिक नुकसान होने की आशंका है, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र की स्थिति का तत्काल जायजा लेने, जल निकासी की व्यवस्था कराने तथा प्रभावित गांवों और मुख्य मार्ग पर आवश्यक सुरक्षा एवं राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
नीचे दिए गए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बाढ़ का पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है और राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।