स्वतंत्रता दिवस से पहले हरदा पुलिस अलर्ट, होटल-लॉज और रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग
डॉग स्क्वाड के साथ चला विशेष सर्चिंग अभियान, संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर
अनोखा तीर, हरदा। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर हरदा पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को शहर के होटल, लॉज, रेलवे स्टेशन सहित प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक श्री शशांक के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने होटल एवं लॉज में ठहरे लोगों की जानकारी जुटाने के साथ रजिस्टरों की जांच की। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की भी बारीकी से पड़ताल की गई।
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और सामान की जांच
पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर में भी विशेष सतर्कता बरती। यहां आने-जाने वाले यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा की दृष्टि से जांच की गई। पुलिस ने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पार्किंग सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया।
डॉग स्क्वाड ने की सर्चिंग
सुरक्षा अभियान में हरदा पुलिस के डॉग स्क्वाड को भी शामिल किया गया। प्रशिक्षित डॉग की मदद से होटल-लॉज, रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस मुस्तैद
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि 15 अगस्त के आयोजन को लेकर हरदा पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
Harda, Harda | Aug 14, 2026