सोन नदी में संभावित जल वृद्धि को देखते हुए आज दिनांक 01.09.2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा द्वारा इंद्रपुरी बराज सहित सोन उच्च स्तरीय नहर प्रमंडल के मुख्य नहर का स्थलीय निरीक्षण कर जल प्रवाह एवं नहर प्रणाली के संचालन की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी एवं जल संसाधन विभाग के अभियंता उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अभियंताओं से बाणसागर से आने वाले पानी के इंद्रपुरी बराज तक पहुंचने की व्यवस्था, वर्तमान जल प्रवाह, बराज की स्थिति तथा विभिन्न नहरों में पानी के संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इंद्रपुरी बराज से विभिन्न नहरों एवं सोन नदी में छोड़े जा रहे पानी के बारे में भी जानकारी ली तथा जल प्रवाह की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि सोन नदी में जल प्रवाह एवं जलस्तर की स्थिति पर सतत निगरानी बनाए रखें तथा किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी सुनिश्चित करें।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सोन नदी में संभावित जलस्तर वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सोन तटीय एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। लोगों को सावधान एवं जागरूक करने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में माइकिंग कराई जा रही है तथा स्थानीय स्तर पर आवश्यक सतर्कता बरती जा रही है।
उन्होंने आमलोगों से अपील की कि सोन नदी एवं इसके आसपास के क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं और नदी से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। विशेष रूप से अभिभावक अपने बच्चों को नदी के किनारे जाने से रोकें। उन्होंने मछुआरों एवं अन्य लोगों से भी नदी में जाने से बचने की अपील की।
जिला पदाधिकारी ने पशुपालकों से भी अपील की कि वे अपने मवेशियों को नदी के किनारे न ले जाएं तथा जलस्तर में संभावित वृद्धि को देखते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रखें। उन्होंने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी होने वाली सूचनाओं एवं चेतावनियों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
#IPRD
#DistrictAdministration
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Sep 1, 2026