RWA प्रधान पर हमले का VIDEO आया सामने...
सेक्टर-82 स्थित फ्लोरिडा अपार्टमेंट सोसायटी के आरडब्ल्यूए प्रधान अश्वनी शुक्ला पर कथित हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि सेक्टर-30 में कुछ लोगों ने दो कारों से उनका पीछा किया और रास्ते में घेरकर डंडे एवं रॉड से हमला कर दिया। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है।
हमले में अश्वनी शुक्ला के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-31 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किरायेदारों के सत्यापन को लेकर हुआ विवाद
अश्वनी शुक्ला के अनुसार, बीपीटीपी थाना पुलिस के निर्देश पर सोसायटी में रहने वाले किरायेदारों का चरित्र एवं पुलिस सत्यापन कराया जा रहा था। उनका आरोप है कि सोसायटी में रहने वाले राजीव अत्री और उसके साथियों ने इस अभियान का विरोध किया था।
शुक्ला ने पुलिस को बताया कि उन्हें सत्यापन का काम बंद करने की धमकी भी दी गई थी। इस संबंध में उन्होंने पहले भी बीपीटीपी थाना पुलिस को शिकायत दी थी। उनका आरोप है कि सत्यापन अभियान के कारण ही उन्हें निशाना बनाया गया।
स्कॉर्पियो और सेंट्रो से पीछा करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, अश्वनी शुक्ला अपनी कार से ड्यूटी के बाद घर लौट रहे थे। सेक्टर-30 स्थित अदाणी गैस एजेंसी के पास पहुंचने पर स्कॉर्पियो और सेंट्रो कार में सवार लोगों ने कथित तौर पर उनका पीछा किया।
आरोप है कि दोनों गाड़ियों से उनकी कार को घेरकर रास्ता रोक दिया गया। इसके बाद कार से उतरे लोगों ने उन पर डंडे और रॉड से हमला कर दिया।
पिस्टल दिखाकर धमकी देने का भी आरोप
अश्वनी शुक्ला ने अपनी शिकायत में राजीव अत्री, राहुल दुबे और आशीष पंडित पर हमला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि हमले के दौरान उन्हें पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
सेक्टर-31 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सतबीर के अनुसार, आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस सामने आए वीडियो और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।