#भरतपुर। त्योहारों और पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए भरतपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद हो गई है। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में जिलेभर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन गश्त और चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में आज भरतपुर शहर और बयाना कस्बे में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया, जिसका उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का विश्वास पैदा करना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना है। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए घुड़सवार गश्ती दल को भी सक्रिय किया गया है ताकि संवेदनशील क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर पैनी नजर रखी जा सके। पुलिस आगामी पंचायत चुनावों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के साथ-साथ त्योहारों पर आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और त्योहारों तथा चुनावों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग करें।