#भरतपुर। जयपुर के पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र में 18 अक्टूबर की देर रात एक अपार्टमेंट की 9वीं मंजिल के फ्लैट में लिव-इन पार्टनर की ह*त्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 1:30 बजे महिला और युवराज के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। विवाद बढ़ने पर दोनों में मारपीट हुई। इसी दौरान युवराज ने कथित तौर पर किसी भारी वस्तु से महिला के सिर पर वार किया। पुलिस को शक है कि उसी हमले में महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय युवराज ने शराब पी रखी थी। पुलिस के मुताबिक, महिला की मौत के बाद भी युवराज करीब पांच घंटे तक फ्लैट में रहा और फिर सुबह वहां से निकल गया। अब आरोपी के पकड़े जाने के बाद पूछताछ में ही खुलासा हो पाएगा कि इस दौरान वह फ्लैट में क्या करता रहा। जानकारी के अनुसार, दोनों मूल रूप से भरतपुर के रहने वाले थे और पिछले दो साल से लिव-इन में रह रहे थे। घटना से महज दो दिन पहले ही दोनों को नीचे आइसक्रीम खाते हुए देखा गया था, जिससे किसी को भी उनके बीच विवाद का अंदेशा नहीं था। महिला पहले इसी बिल्डिंग में गार्ड थी और बाद में टिफिन सेंटर चलाने लगी थी, जबकि आरोपी युवराज रैपिडो चलाता था। सुबह टिफिन न पहुंचने पर जब लोगों ने फ्लैट पर जाकर देखा तब मर्डर का खुलासा हुआ। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।