*जिला पंचायत सीईओ श्री दिव्यांशू चौधरी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश*
*पात्र हितग्राहियों को मौके पर मिले योजनाओं का लाभ, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें*
जिला पंचायत सीईओ श्री दिव्यांशू चौधरी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, शहपुरा एसडीएम श्री जामदार इरफान फरहान, बजाग एसडीएम श्री पुष्पेंन्द्र अहके सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
*स्वच्छता अभियान में अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी के निर्देश*
सीईओ ने जिलेभर में व्यापक स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकारी-कर्मचारी स्वयं सक्रिय सहभागिता निभाएं और ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी सुनिश्चित करें।
*50 से 100 दिवस पुरानी शिकायतों के निराकरण में लाएं तेजी*
सीईओ ने सीएम हेल्पलाइन की विभागवार लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने 50 से 100 दिवस से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से लेते हुए संतुष्टिपूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक लंबित शिकायत की नियमित समीक्षा की जाए और शिकायतकर्ता से समन्वय स्थापित कर उसकी संतुष्टि के साथ प्रकरण का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि आमजन की शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को लंबित शिकायतों के शत-प्रतिशत निराकरण के साथ विभागवार प्रगति में स्पष्ट सुधार लाने के निर्देश दिए।
*सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण समय पर निपटाएं*
सीईओ ने लंबित पेंशन प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका की समय रहते जांच कर सभी आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी को सेवानिवृत्ति के बाद अपने भुगतान एवं स्वत्वों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने संवेदनशीलता के साथ पेंशन प्रकरणों के निराकरण पर जोर देते हुए कहा कि आज हम जिन कर्मचारियों के प्रकरणों का निराकरण कर रहे हैं, भविष्य में हम भी सेवानिवृत्त होंगे। इसलिए कर्मचारियों को उनकी सेवानिवृत्ति के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो, इस बात को अधिकारी गंभीरता से लें।
शिविर लगाकर आयुष्मान कार्ड एवं आधार कार्ड बनाने के निर्देश
सीईओ ने विकासखंड एवं नगरीय क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड एवं आधार कार्ड, समग्र ईकेवायसी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ा जाए और उन्हें मौके पर ही आवश्यक सुविधा एवं लाभ उपलब्ध कराया जाए।
सीईओ ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि समय-सीमा की बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करें और निर्धारित समय में कार्रवाई पूर्ण कर प्रगति से अवगत कराएं।
#Dindori #DindoriDistrict #MadhyaPradesh #JansamparkDindori #CollectorDindori #DistrictAdministration #TimeLimitMeeting #CMHelpline #PublicWelfare #AyushmanBharat #AadhaarCard #PensionServices #CleanlinessCampaign #GoodGovernance
Dindori, Madhya Pradesh | Nov 17, 2026