आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 22.06.2026 को समाहरणालय रोहतास स्थित जिला पदाधिकारी कार्यालय कक्ष में जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को मुहर्रम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा आवश्यक नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व से पूर्व सभी नगर निकाय क्षेत्रों में ताजिया मार्गों एवं प्रमुख सड़कों की विशेष साफ-सफाई कराई जाए तथा चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पेयजल एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया गया कि संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर ताजिया जुलूस के निर्धारित रूट की जानकारी प्राप्त करें तथा मार्गों पर लूज एवं झूलते हुए बिजली तारों की मरम्मत समय पर कराएं। जिला अग्निशमन पदाधिकारी को भी चिन्हित स्थलों पर अग्निशमन वाहन एवं कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां विशेष सतर्कता बरतने, लगातार पुलिस पेट्रोलिंग करने तथा किसी भी अफवाह या अप्रिय घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ताजिया जुलूस मार्गों पर वीडियो रिकॉर्डिंग एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। डीजे संचालकों से मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में बांड डाउन भरवाने तथा निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को टीम बनाकर लगातार फ्लैग मार्च करने तथा आम लोगों में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल कायम रखने का निर्देश दिया। साथ ही तीनों अनुमंडल पदाधिकारियों को मुहर्रम की तैयारियों का नियमित अनुश्रवण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने को कहा गया।
बैठक में अधिकारियों ने मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से की जा रही तैयारियों की जानकारी भी साझा की।
#iprd
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Jun 22, 2026