बारादरी पुलिस ने हॉस्टल मोबाइल चोर गैंग का किया पर्दाफाश, 3 शातिर गिरफ्तार, 6 मोबाइल व बाइक बरामद
बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने हॉस्टल के कमरों से मोबाइल चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गैंग का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 6 मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक यामाहा XSR ग्रे रंग की बाइक बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई 2026 को सनराइज एन्क्लेव फेस-2 निवासी हर्षित ने हॉस्टल से कई मोबाइल फोन चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में थाना बारादरी पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा यक्ष ऐप और मुखबिर की सूचना के आधार पर एफसीआई गोदाम, भरतौल रोड के पास से बिजनौर निवासी शुमोइल, अलकाम उर्फ अरहम और फरहान को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऐसे हॉस्टलों को निशाना बनाते थे जहां आने-जाने पर रोकटोक नहीं होती। सुबह के समय छात्रों के कमरे खुले मिलने पर मोबाइल चोरी कर फरार हो जाते थे। गैंग बरेली के अलावा दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, चंडीगढ़ और देहरादून सहित कई शहरों में वारदात कर चुका है। चोरी के एक IQOO 12 मोबाइल को उन्होंने दिल्ली में राह चलते व्यक्ति को बेचने की बात भी कबूल की।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपियों का चोरी, लूट, गैंगस्टर, आईटी एक्ट और पॉक्सो समेत विभिन्न मामलों में आपराधिक इतिहास भी रहा है।
बरामदगी:
6 मोबाइल फोन (2 Motorola, 2 Redmi, 1 Nothing Phone, 1 iPhone 15)
यामाहा XSR ग्रे रंग की बाइक
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Bareilly news Live
#Bareillypolice
#Viralpost