घर में सो रहे 22 वर्षीय युवक पर गिरी छत, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर
जालौन के कोंच नगर के भगत सिंह नगर मोहल्ले में रविवार सुबह 10 बजे घर के अंदर सो रहे 22 वर्षीय युवक के ऊपर अचानक छत का हिस्सा गिर गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन घायल युवक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोंच लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार भगत सिंह नगर निवासी कल्लू खान पुत्र जफर खान, उम्र करीब 22 वर्ष, रविवार सुबह अपने घर के अंदर सो रहे थे। परिजनों के मुताबिक सुबह करीब 8:30 बजे अचानक घर की छत भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। बताया गया कि मकान की छत ईंट-गुम्मों से बनी हुई थी। छत गिरने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे कल्लू खान को बाहर निकाला।
हादसे में युवक के शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी कोंच लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. गौरव शर्मा ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया। युवक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उसे मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया।
अचानक हुए इस हादसे से परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों के मुताबिक युवक घर के अंदर सो रहा था, तभी अचानक छत गिरने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद आसपास के लोगों की भी मौके पर भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
फिलहाल युवक का उपचार मेडिकल कॉलेज उरई में कराया जा रहा है। परिजनों के अनुसार हादसे में छत का हिस्सा गिरने से युवक को गंभीर चोटें आई हैं।
Jalaun, Jalaun | Oct 4, 2026