काराकाट सांसद राजा राम सिंह व शबाना आज़मी ने AISA नेताओं का अनशन तुड़वाया, NEET-NTA मुद्दे पर छात्रों को मिला व्यापक समर्थन
नई दिल्ली में NEET पेपर लीक और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को खत्म करने की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के छात्र नेताओं का 23 दिनों से जारी आमरण अनशन सोमवार को समाप्त हो गया। काराकाट के सांसद राजा राम सिंह कुशवाहा और वरिष्ठ अभिनेत्री शबाना आज़मी ने छात्रों को जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया।
इस मौके पर राज्यसभा सांसद डॉ. मनोज झा, सांसद चंद्रशेखर आज़ाद, सांसद अमरा राम, अभिनेता प्रकाश राज, आम आदमी पार्टी के मनीष सिसोदिया, आतिशी, संजय सिंह और गोपाल राय, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव तथा वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
वक्ताओं ने NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और NTA की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। सांसदों ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को संसद के मानसून सत्र में मजबूती से उठाया जाएगा। 23 दिनों तक चले इस अनशन के समापन के साथ छात्रों ने कहा कि उनकी लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है और मांगें पूरी होने तक आंदोलन लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा।