गोडारी के विद्यालय में साइबर सुरक्षा पर जागरूकता अभियान, बच्चों को बताए गए बचाव के उपाय
काराकाट प्रखंड के गोडारी स्थित रामरूप उच्च प्लस टू विद्यालय में सोमवार को पुलिस प्रशासन की ओर से साइबर अपराध एवं डिजिटल सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, साइबर बुलिंग, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होने वाले अपराधों से बचने के उपाय बताए गए। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन गतिविधि पर तुरंत सतर्क रहें और किसी प्रकार की परेशानी होने पर बिना झिझक पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करें। छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए उन्हें निर्भीक होकर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अमरेश कुमार ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जागरूकता बढ़ाने में काफी प्रभावी हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में प्रार्थना सभा के माध्यम से भी विद्यार्थियों को नियमित रूप से साइबर सुरक्षा और कानूनी जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में छात्रों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। इस अवसर पर काराकाट थाना की एसआई अनामिका कुमारी, महिला थाना डेहरी की प्रियंका कुमारी, एससी/एसटी थाना डेहरी की पूनम कुमारी, प्रधानाध्यापक कमलापति कुमार, शिक्षकगण, पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।