राहुल गांधी के साथ दुर्व्यवहार के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
काली पट्टी बांधकर कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, जिला कार्यालय से भगत सिंह चौराहे तक निकाला विरोध मार्च
बस्ती। वोट चोरी के आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आंदोलन के दौरान कथित बर्बरतापूर्ण कार्रवाई एवं उनके साथ हुए दुर्व्यवहार के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कार्यालय से भगत सिंह चौराहे तक कांग्रेसजनों ने हाथों में काली पट्टी बांधकर विरोध मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाते हुए सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया और आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, वह बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने और सरकार से सवाल पूछने का अधिकार प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल को है। कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाते रहेंगे।
विरोध प्रदर्शन में अमित प्रताप सिंह, शेर मोहम्मद, वाहिद अली सिद्दीकी, संदीप श्रीवास्तव, अनिल भारती, गिरिजेश पाल, अलीम अख्तर, शोभित चौधरी, बृजभान कनौजिया, साधु पांडे, अवधेश सिंह, मंजू पांडे, विनय तिवारी, इम्तियाज अहमद, मोहम्मद अफसर, संजय कुमार, मोहम्मद अकरम, आनंद कुमार निषाद, बबलू शुक्ला, सर्वेश कुमार शुक्ला, सुनील पांडे, फिरोज खान, शौकत अली, नन्नू, शुभम गांधी, रामबचन भारती, अख्तर हुसैन, राजू गुप्ता, दुर्गेश चौधरी, राहुल चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
Basti, Basti | Oct 8, 2026